24 घंटे में महाराष्ट्र के 91 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव, अब तक 26 की मौत

कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के बीच देश में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. अब एक दिन में 8380 नए मामले सामने आए हैं. यह अब तक एक दिन में मरीजों की तादाद में हुई सबसे बड़ी वृद्धि है. इसके साथ ही देश में कोरोना के मरीजों की तादाद 183143 पहुंच गई है. अब तक 86984 संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 5164 मौतें हुई हैं. देश में इस समय 89995 एक्टिव केस हैं.

 

  • पिछले 24 घंटे में 193 संक्रमितों की मौत
  • देश में 5164 पहुंची मृतकों की तादाद
  • अब तक ठीक हो चुके 86984 मरीज

उत्तर प्रदेश में 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ा

उत्तर प्रदेश सरकार ने अनलॉक-1 की एडवाइजरी जारी कर दी है. इस एडवाइजरी के तहत अब उत्तर प्रदेश में 30 जून तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है. वहीं अनलॉक-1 के पहले फेज में आठ जून से सभी पूजा और धार्मिक स्थल, रेस्टोरेंट्स, होटल और मॉल को खोलने की इजाजत दी गई है.
 
उत्तराखंड में कोरोना के 53 नए मामले
 
उत्तराखंड में कोरोना के 53 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की तादाद 802 पहुंच गई है. इनमें से 102 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं.
 
ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के 9 कर्मचारियों समेत 219 पॉजिटिव
 
ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के 9 कर्मचारी और शहर के विभिन्न इलाकों में कार्यरत 210 कर्मचारी कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं.
 
आंध्र प्रदेश में 98 नए मामले, दो की मौत
 
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के 98 नए मामले सामने आए हैं. जबकि पिछले 24 घंटे में दो लोगों की जान गई है. इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के मरीजों की कुल तादाद 3042 पहुंच गई है. इनमें से 2135 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं. वहीं, 62 लोगों की मौत हुई है. प्रदेश में 845 एक्टिव केस हैं.
 
कोरोना के कारण दिल्ली में तीसरे पुलिसकर्मी की मौत
 
कोरोना वायरस के कारण दिल्ली के एक और पुलिसकर्मी ने दम तोड़ दिया. सुल्तानपुरी थाने में तैनात एएसआई 54 साल के विक्रम की बेस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई.