मैदानी हकीकत जानेंगे भाजपा के नए मुखिया

भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह मैदानी हकीकत जानने के लिए सभी संभागीय मुख्यालयों का दौरा करेंगे। यहीं समीक्षा बैठकें भी होंगी, जिनमें जिलाध्यक्षों द्वारा किए गए कामकाज का हिसाब लिया जाएगा।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह प्रदेश के सभी संभागों में जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और उनसे फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही संभाग के सभी जिलाध्यक्ष के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पार्टी नेताओं के मुताबिक संगठन द्वारा संभागीय बैठकों का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। जिस पर जल्द ही अमल शुरू कर दिया जाएगा। पार्टी नेताओं की मानें तो लंबे समय से प्रदेश संगठन में बदलाव की खबरों के चलते सारा कामकाज प्रभावित है।
लगातार उपचुनाव में हार के कारण पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार भी संभागीय मुख्यालयों में समीक्षा नहीं कर पाए थे। यही बता दें कि राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल साफ तौर पर कह गए थे कि बिना स्वागत सत्कार कराए नए मुखिया काम में जुट जाएं।