केन्टोनमेंट क्षेत्र सिविल एरिया में शामिल होगा : नरेन्द्रe

 नाला निर्माण एवं सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन सम्पन्न 
ग्वालियर ।  केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिहं तोमर ने कहा है कि मुरार केन्टोनमेंट क्षेत्र को शीघ्र ही निगम क्षेत्र में जोड़ा जाएगा। इसके लिए देश की रक्षा मंत्री से चर्चा के उपरांत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र के निवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिलाया जायेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने यह बात केन्टोनमेंट क्षेत्र के बंशीपुरा में चार करोड़ रूपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले नाला निर्माण एवं सड़क निर्माण कार्य के भूमि पूजन समारोह में कही। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह की निधि से 12 लाख 50 हजार रूपए की लागत से दो ट्रैक्टर और दो टैंकर पेयजल व्यवस्था के लिए दिए गए हैं, जिन्हें हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। 
बंशीपुरा क्षेत्र में भूमि पूजन समारोह में क्षेत्रीय विधायक भारत सिंह कुशवाह नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा, मण्डल अध्यक्ष रामनाथ राणा, केन्टोनमेंट क्षेत्र के पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केन्टोनमेंट क्षेत्र को सिविल एरिया में शामिल करने का पुराना प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव के संबंध में देश की केन्द्रीय मंत्री से चर्चा उपरांत कार्रवाई प्रचलन में है। शीघ्र ही क्षेत्र को सिविल एरिया में शामिल किया जाएगा। नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केन्टोनमेंट क्षेत्र को मध्यप्रदेश सरकार नगरीय निकाय में शामिल कर 9 करोड़ रूपए की धनराशि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई थी। उक्त राशि से ही 4 करोड़ रूपए की राशि व्यय कर नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। नाला निर्माण के साथ ही नाले के दोनों ओर सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। उक्त कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को जहाँ गंदगी से निजात मिलेगी, वहीं व्यवस्थित आवागमन के लिए सड़क भी उपलब्ध होगी। 
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हुरावली से मोहनपुर तक की सड़क निर्माण के लिए भी नगर निगम द्वारा 2 करोड़ रूपए की मंजूरी प्रदान की गई है। इसके साथ ही 6 नम्बर से बड़ा गाँव जाने के लिए मध्य में आर्मी एरिया पड़ता है, जिससे सुरक्षा के दृष्टिगत आवागमन में बाधाएं आती हैं। इन बाधाओं को समाप्त करने के लिए निगम द्वारा लाल टिपारा होते हुए बाईपास सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी के माध्यम से किया जायेगा। इस पर सरकार 4 करोड़ रूपए व्यय करेगी। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि केन्टोनमेंट क्षेत्र में पानी की समस्या से निजात हेतु सांसद निधि से 8 ट्यूबवेल भी स्वीकृत किए गए हैं। इन ट्यूबवेल के खनन से क्षेत्र की पेयजल समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अमृत परियोजना के तहत केन्टोनमेंट क्षेत्र को शामिल किया जाए, इसके प्रयास भी किए जायेंगे। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि क्षेत्र के विधायक भारत सिंह कुशवाह ने विधायक निधि से पेयजल समस्या के निदान हेतु 12 लाख 50 हजार रूपए की राशि व्यय कर दो टेंकर एवं दो ट्रेक्टर उपलब्ध कराए हैं। विधायक भारत सिंह कुशवाह संभवत: पहले विधायक हैं जिन्होंने विधायक निधि से टैंकर के साथ-साथ ट्रेक्टर भी क्षेत्रवासियों के लिए उपलब्ध कराए हैं। केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने यह भी बताया कि केन्टोनमेंट क्षेत्र की गलियों में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से सीमेंट कंक्रीट सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा। 
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में केन्टोनमेंट क्षेत्र के विकास हेतु अनेक कार्य किए गए हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्टोनमेंट क्षेत्र को नगरीय निकाय का दर्जा देकर 9 करोड़ रूपए की धनराशि मुहैया कराई। उक्त राशि से विकासा के अनेक कार्य क्षेत्र में किए गए हैं। उन्होने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के निदान हेतु भी केन्द्रीय मंत्री द्वारा अपनी निधि से 8 बोर स्वीकृत किए हैं। विधायक भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्टोनमेंट क्षेत्र सिविल एरिया में शामिल हो जाए तो क्षेत्र के विकास के द्वार खुल जायेंगे। इस दिशा में केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर निरंतर प्रयास कर रहे हैं। शीघ्र ही क्षेत्रवासियो को इसकी सौगात भी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या के निदान हेतु 2 ट्रेक्टर मय टेंकर के शुरू किए गए हैं, जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को प्राप्त होगा। 
क्षेत्रीय विधायक भारत सिंह कुशवाह ने बताया कि 4 करोड़ रूपए की लागत से रावत मैरिज गार्डन से बंशीपुरा पुलिया तक आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा। नाले के दोनों ओर सीमेंट कंक्रीट सड़क भी बनाई जायेगी। इस पर कुल 4 करोड़ रूपए की राशि व्यय होगी। उन्होंने बताया कि नाले की कुल लम्बाई 1100 मीटर है। दोनों ओर सीमेंट कंक्रीट सड़क 4 मीटर चौड़ी बनाई जायेगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में मण्डल अध्यक्ष रामनाथ राणा ने स्वागत भाषण दिया। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं क्षेत्रीय विधायक भारत सिंह कुशवाह ने ट्रेक्टर पर बैठकर लोगों को पेयजल प्रदान करने हेतु पान के टेंकर का शुभारंभ किया।