बिलौआ में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 12 वाहन जब्त

ग्वालियर. कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह के निर्देश पर 5 अक्टूबर 2026 की रात खनिजए पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भ्रमण कर बिलौआ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की।
बिलौआ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए स्थापित चेकपोस्ट पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज का परिवहन पाया गया। इस पर संबंधित वाहनों को जब्त कर थाना प्रभारी बिलौआ की अभिरक्षा में जांच पूरी होने तक सुरक्षित रखवाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 12 वाहनों को जब्त कर थाना प्रभारी बिलौआ की सुपुर्दगी में रखा गया। प्रशासन द्वारा अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।