गेहलोत के जरिए गुजरात फार्मूले की मांग शुरू

कांग्रेस संगठन का दायित्व अशोक गेहलोत को मिलने से राजस्थान, मप्र, छग के विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस संगठन के समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
गुजरात चुनाव में राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ निभाने वाले अशोक गेहलोत पर मप्र के कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह लगातार यह दबाव बना रहे हैं कि मप्र में भी गुजरात की तर्ज पर संगठन का फार्मूला लागू किया जाए।सोनिया गांधी के कार्यकाल में गुजरात में चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर जीत का फार्मूला तैयार किया गया था।
मध्य प्रदेश के नेताओं को लगता है कि इस फार्मूले से वे 15 साल के पार्टी के वनवास को दूर करने में सफल होंगे। सूत्रों की मानी जाए तो पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सुरेश पचौरी के 1-1 समर्थक को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। दिग्विजय सिंह की तरफ से पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर नीखरा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है।