शहरवासी सम्पत्ति कर जमा कर नगर विकास में सहयोग करें : महापौर

चेम्बर में सम्पत्ति कर समस्या निराकरण शिविर का आयोजन
ग्वालियर | शहर के व्यवसाईयों, उद्योगपतियों सहित आम नागरिकों की सुविधा हेतु सम्पत्ति कर शिविर का आयोजन चेम्बर भवन में किया गया| शिविर में महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, उपायुक्त सम्पत्ति कर जगदीश अरोरा, चेम्बर के संयुक्त अध्यक्ष यश कुमार गोयल, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव जगदीश मित्तल एवं कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यवसाई, उद्योगपति एवं आम नागरिक उपस्थित हुए|
शिविर के प्रारंभ में पदाधिकारियों द्बारा महापौर एवं उपायुक्त जगदीश अरोरा का बुके देकर स्वागत किया|संयुक्त अध्यक्ष यश कुमार गोयल ने कहा कि आज का शिविर व्वसाईयों एवं उद्योगपतियों के साथ ही आमजन की सुविधा हेतु आयोजित किया गया है|आशा है कि आज के शिविर से बड़ी संख्या में लोग लाभांवित होंगे|उपायुक्त सम्पत्ति कर जगदीश अरोरा ने कहा कि नगर निगम ग्वालियर द्बारा शहरवासियों की सुविधा हेतु सम्पत्ति कर जमा करने कई योजनाएं चलाई हैं, जिसमें सम्पत्ति कर वैन का संचालन भी किया गया है यह वाहन घर-घर जाकर लोगों से कर संग्रहण का कार्य कर रहा है|इसके साथ ही मोहल्ला एवं कॉलोनी स्तर पर सभी वार्डों में शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है|इसी क्रम में आज चेम्बर ऑफ कॉमर्स में शिविर का आयोजन किया गया है |
महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि अधिक से अधिक सम्पत्ति कर संग्रहण हेतु निगम द्बारा प्रयास किया जा रहा है| नगरवासी सम्पत्ति कर जमा कर शहर विकास में सहभागी बनें| सम्पत्ति कर जमा करने की व्यवस्था निगम द्बारा ऑनलाइन भी की गई है, करदाता घर बैठे अपना सम्पत्ति कर आसानी से जमा कर सकते हैं| यदि कोई कठिनाई या समस्या है तो करदाता बताएं उसका शीघ्र निराकरण किया जायेगा| निगम द्बारा कम्प्यूटर में जो डाटा फीड किया गया है वह लगभग ७५% सही है २५% में कुछ आंशिक कमियां हैं जिसे करदाता द्बारा निगम के नोटिस में लाए जाने पर तत्काल संशोधन किया जा रहा है| करदाता अपने सम्पत्ति कर का निर्धारण स्वयं कर सकते हैं बस उन्हें स्वयं के भवन का एरिया व वह किस क्षेत्र में वह स्थित है उसका ज्ञान होना चाहिए|करदाता भ्रांतियां न रखें, कोई अनावश्यक मांग करता है तो वह कतई पूरी न करें और उसे मेरे व निगम प्रशासन के संज्ञान में लाएं| चेम्बर भवन में आयोजित शिविर में १०५ प्रकरण आये जिनसे लगभग ५ लाख रूपये सम्पत्ति कर का संग्रहण हुआ| शिविर का संचालन मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल एवं आभार कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल द्बारा व्यक्त किया गया|