5 नामों का पैनल बनेगा, जो चुना जाएगा वही होगा भाजपा का कैंडिडेट

लगातार चार उपचुनावों में मिली हार से सर्तक भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। अध्यक्ष अमित शाह की टीम प्रदेश में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर हर विधानसभा क्षेत्र से पांच नामों का पैनल तैयार करेगी। उधर भाजपा के सहसंगठन मंत्री सौदान सिंह 21 को सीएम समेत प्रदेश पदाधिकारियों और संघ नेताओं के साथ अगले चुनावों की रणनीति पर मंथन करेंगे।
चौथी बार सरकार बनाने का दावा कर रही भाजपा को लोकल लेवल पर फैली एंटीइनकमबेंसी का डर सता रहा है। हाल ही में संघ की विदिशा में हुई अनुषांगिक संगठनों की मैराथन बैठक में भी यह बात सामने आई थी। नेतृत्व तक इसकी रिपोर्ट पहुंचने के बाद अब तय किया गया है कि चुनाव से आठ महीने पहले ही हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं समेत समान विचारधारा वाले लोगों से चर्चा कर पांच नामों का एक पैनल तैयार किया जाएगा। इस पैनल में से ही प्रत्याशी का चयन किया जाएगा। महत्वपूर्ण यह है कि यह काम अमित शाह की पर्सनल टीम करेगी। सौदान सिंह इसी प्लान को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। संगठन सूत्रों की माने तो पहले संगठन महामंत्री रामलाल को भोपाल आना था पर उनकी व्यस्तता के चलते अब सौदान सिंह यह बैठक लेने आ रहे हैं। इसके अलावा भाजपा के सभी दस संभाागों में संभागीय संगठन मंत्रियों को भी भोपाल बुलाया गया है। इनके साथ भी समीक्षा बैठक की जाएगी। भाजपा इस बार प्रदेश में गुजरात में हाल ही में अपनाए गए फार्मूले पर काम करेगी।
गौरतलब है कि गुजरात में पार्टी से इतर अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी सौ लोगों की टीम भेजी थी। जिसने विधानसभावार काम कर प्रत्याशी चयन के सर्वे से लेकर लोकल लेवल पर फैली एंटीइनकमबेंसी को कम करने के उपाय सुझाए थे। यह टीम सीधे शाह के आफिस को रिपोर्ट करती थी। इसी फार्मूले को इस बार प्रदेश में लागू करने पर विचार किया जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के तत्कालीन संगठन महामंत्री अरविंद मेनन ने 40 पेड वर्करों की टीम को काम पर लगाया था।