भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस इतिहास के पन्नों में दर्ज अपने वीर जननायकों को स्मरण करने का दिन है। आज हम सब जनजातीय अस्मिता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान के प्रति जागरूक किया। उनका उद्घोष और संघर्ष आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि अपने जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और परम्पराओं की रक्षा करना हमारा दायित्व है। यह दिवस हमारे जनजातीय नायकों के बलिदान, संघर्ष और योगदान को स्मरण कर उनकी राष्ट्रभक्ति को नमन करने का सीखने का अवसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस पर बड़वानी जिले के निवाली में हुए कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़कर यह विचार व्यक्त किए। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय तथा वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के कल्याण और उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। विभिन्न योजनाओं के जरिए विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ टंट्या मामा, भीमा नायक, रघुनाथ शाह, शंकर शाह और रानी दुर्गावती जैसे महान जननायकों का योगदान हमारी अमूल्य धरोहर है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी जनजातीय महान विभूतियों का जीवन हमें देशभक्ति, सामाजिक एकता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर हम सभी संकल्प लें कि उनकी विचारधारा और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे। जनजातीय संस्कृति, भाषा, परम्परा और विरासत का संरक्षण करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।