प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वच्छता दूतों को प्रोत्साहित किया जिससे अभियान हुआ सफल - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में स्वच्छता अभियान का सफल नेतृत्व करते हुए विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बनाने का कार्य किया है। उन्होंने देशवासियों से अपने शहरों को स्वच्छ बनाने का आह्वान किया था। स्वच्छ भारत के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वयं लाल किले पर झाड़ू थामा और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ा। स्वच्छता से जुड़े हमारे कर्मयोगियों को उन्होंने सदैव प्रोत्साहन दिया। इन प्रयासों का ही परिणाम है कि इस वर्ष ग्वालियर को स्वच्छता का सम्मान मिला है। दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन से पहले घरों की सफाई और फिर लक्ष्मी के साथ झाड़ू का पूजन हमारी परंपरा रही है। माता शीतला के भी एक हाथ में झाड़ू है। मानव समाज के हर वर्ग ने स्वच्छता को अंगीकृत किया है। यही स्वच्छता और शुचिता भारत की पहचान बन रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में आयोजित स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे स्वच्छता कर्मियों के सहयोग के बिना होली, दीपावली सहित कोई त्योहार नहीं मनता है।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के 57 पुरस्कारों में मध्यप्रदेश को 9 श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित 'स्वच्छता दूत सम्मान समारोह' में कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्वालियर, बुंदेलखंड अंचल से सागर, महाकौशल अंचल से जबलपुर, मालवा अंचल से उज्जैन, इंदौर और देपालपुर, बघेलखंड से रीवा, मध्य क्षेत्र से बुधनी के स्वच्छता दूतों ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। स्वच्छ शहरों में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिला है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन भी स्वच्छ शहरों में स्थान बना रही है। यह सौभाग्य का विषय है कि अब ग्वालियर अपनी ऐतिहासिक विरासत, संगीत संस्कृति और विश्व प्रसिद्ध नगरी को स्वच्छ शहर (क्लीन सिटी) के रूप में जाना जाएगा। इसके लिए ग्वालियर के लोग पुन: बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर शहर ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी से मुकाम हासिल किया है। यहां पर भारत में पहली बार रिस्क स्क्रीनिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग, इटैलियन टेक्नोलॉजी पर आधारित 1200 टन अत्याधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया गया है। ग्वालियर को स्वच्छता पुरस्कार दिलवाने में इस संयंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शहर के 66 वार्डों में 10 हजार नागरिकों के साथ स्वच्छता संवाद किया गया है। यह देश में अपनी तरह का अनूठा प्रयोग है।