ग्वालियर के वीरपुर बांध में हादसा, मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत

ग्वालियर. ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर बांध पर शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। घर से मछली पकड़ने की बात कहकर निकला आपागंज निवासी 40 वर्षीय मछुआरा अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चला गया और बांध में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स की टीम ने करीब दो घंटे के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मछली पकड़ते-पकड़ते संतुलन बिगड़ गया
पुलिस व परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आपागंज निवासी 40 वर्षीय मछुआरा शम्मी पिता नौशे खान शुक्रवार दोपहर लगभग 3:30 बजे परिजनों से यह कहकर निकला था कि वह पास के तालाब पर मछली पकड़ने जा रहा है। हालांकि, वह मछली पकड़ते-पकड़ते गिरवाई स्थित वीरपुर बांध के किनारे पहुंच गया। शाम लगभग 4:00 से 4:30 बजे के बीच बांध के गहरे पानी के पास मछली पकड़ने का प्रयास करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा समाया। घटना के समय बांध के आसपास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने मछुआरे को पानी में छटपटाते और डूबते देखा। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और जोर-जोर से शोर मचाया, लेकिन बांध में पानी का स्तर अधिक और गहराई ज्यादा होने के कारण कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। देखते ही देखते मछुआरा गहरे पानी में समा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना गिरवाई थाना पुलिस को दी।
राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही गिरवाई पुलिस बल और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल की रेस्क्यू टीम गोताखोरों और बोट के साथ वीरपुर बांध पहुंची। राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल के प्रशिक्षित गोताखोरों ने तुरंत पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बांध की गहराई और पानी के नीचे जमी काई के कारण रेस्क्यू में शुरुआती कठिनाई आई, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने पानी के भीतर से मछुआरे शम्मी के शव को खोज निकाला और बाहर खींच लाई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मौके पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को डेड हाउस (पोस्टमार्टम हाउस) भिजवा दिया है। जैसे ही मछुआरे के डूबने और मौत की खबर उसके निवास स्थान आपागंज पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।