ग्वालियर में आधी रात दर्दनाक हादसा, कार मकान में घुसी, एक की मौत, तीन घायल

ग्वालियर. गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में भिंड रोड पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां करीब 125 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही एक बेकाबू कार सीधे एक मकान में जा घुसी। इस भीषण हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार चला रहे ड्राइवर समेत सभी चारों लोग नशे में धुत थे। पेड़ और लोहे की सीढ़ियां तोड़ते हुए मकान में घुसी कार हादसा रात करीब ढाई बजे का है। नशे में चूर ड्राइवर की तेज रफ्तार कार ने सबसे पहले सड़क किनारे दुकानों के बाहर लगे एक विशाल पेड़ को जोरदार टक्कर मारी। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार पेड़ को तोड़ते हुए दूसरी मंजिल तक जाने वाली लोहे की सीढ़ियों को क्षतिग्रस्त कर सीधे दो मंजिला मकान के अंदर जा घुसी।
रात करीब ढाई बजे जोरदार धमाका हुआ
हादसे का शिकार हुए मकान के मालिक सोनू किरार ने बताया कि उनके घर में 10 लोगों का परिवार रहता है। रात करीब ढाई बजे सभी गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक इतना जोरदार धमाका हुआ कि लगा जैसे भूकंप आ गया हो। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का सिलेंडर भी फट गया। सोनू के मुताबिक, ईश्वर की कृपा रही कि कार मकान के बाहरी हिस्से में ही थम गई, लेकिन परिवार के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
हादसे के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को इलाज के लिए निजी रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार पर दिल्ली का नंबर दर्ज है, लेकिन उसमें सवार चारों युवक स्थानीय दीनदयाल नगर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।