जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं के लिए दो स्पेशल ट्रेनें, ग्वालियर को भी फायदा

ग्वालियर. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा-वृंदावन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें झांसी मंडल से मथुरा के बीच चलेंगी। इन अनारक्षित ट्रेनों का संचालन 3 और 4 सितंबर को होगा। इससे ग्वालियर, झांसी, दतिया, डबरा, मुरैना और आसपास के यात्रियों को मथुरा पहुंचने में आसानी होगी। पहली स्पेशल ट्रेन (नंबर 01825) 3 सितंबर को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से शाम 7:20 बजे चलेगी। यह रात 9:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और फिर रात 12:25 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। जन्माष्टमी पर मथुरा जाने वाले श्रद्धालु इस ट्रेन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

इस ट्रेन की वापसी (नंबर 01826) 4 सितंबर को मथुरा से सुबह 5:30 बजे होगी। यह आगरा कैंट, धौलपुर, मुरैना, ग्वालियर, डबरा और दतिया होते हुए सुबह 11:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। ग्वालियर स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह करीब 8:30 बजे आएगी।
दूसरी स्पेशल ट्रेन (नंबर 01827) 4 सितंबर को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से सुबह 11:45 बजे चलेगी। यह दोपहर 1:25 बजे ग्वालियर और शाम 5:10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी।
इसकी वापसी ट्रेन (नंबर 01828) 4 सितंबर को मथुरा से शाम 7:30 बजे चलेगी। यह रात 10:35 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और अगले दिन रात करीब 1 बजे झांसी पहुंचेगी।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ और ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए हैं। ट्रेन नंबर 11901 आगरा कैंट-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एक्सप्रेस को 3 से 6 सितंबर तक मथुरा तक चलाया जाएगा। इसकी वापसी ट्रेन (नंबर 11902) 4 से 7 सितंबर तक मथुरा से चलेगी।
इसी तरह, नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस (नंबर 14212) को 3 से 7 सितंबर तक ग्वालियर तक चलाया जाएगा। वापसी में ट्रेन नंबर 14211 आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी 4 से 8 सितंबर तक ग्वालियर से शुरू होगी।