वन विभाग की टीम पर 100 से अधिक ग्रामीणों ने किया हमला

श्योपुर. रघुनाथपुर स्थित खाड़ी रेंज के श्यामपुर बीट स्थित मोरेका में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वनविभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिस वजह से टीम को बिना कार्यवाही के ही वापिस लौटना पड़ा। बुधवार की दोपहर लगभग 2 बजे टीम ने जैसे ही करीब 5 हैक्टर वन भूमि पर बनाई गयी सूखी झाडि़यों की बाढ़ हटाना शुरू किया तो वैसे ही 100 से अधिक ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गये, कहासुनी के बाद के बाद पथराव कर दिया।
जिससे श्योपुर एसडीओ धीरेन्द्र सिंह की गाड़ी के कांच टूट गये। जबकि अन्य सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की गयी। वनकर्मियों को भी चोटें आई है। घटना के बाद सामने आये वीडियो में ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे लेकर वन विभाग की टीम को घटनास्थल से खदेड़ते हुए दिखाई दे रहे है। वीडियो में टीम के पीछे ग्रामीणों की भीड़ दौड़ती दिखाई दे रही है। हालात बिगड़ने के बाद विभाग ने कार्यवाही रोक दी। अतिक्रमण जस का तस छोड़कर टीम को मौके से भागना पड़ा। घटना के बाद बीट गार्ड सुनील बसेडि़या की रिपोर्ट पर रघुनापुर थाना पुलिस ने खेमराज आदिवासी, हरि आदिवासी निवासी टर्राकलां समेत अन्य अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
14 माह पहले भी कब्जा हटाने गई टीम को भागना पड़ा था
25 जून 2025 को भी टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। तब भी ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया था और टीम को बिना अतिक्रमण हटाए लौटना पड़ा था। बुधवार को दोबारा कार्रवाई की गई, लेकिन इस बार विरोध पथराव और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ तक पहुंच गया। एक बार टीम को ​िफर से अतिक्रमण हटाए बिना लौटना पड़ा।
वनकर्मियों की रिपोर्ट पर दो नामजद सहित अन्य अज्ञात ग्रामीणों के ऊपर शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।’
शशि तोमर, थाना प्रभारी, रघुनाथपुर