गृहमंत्री अमित शाह के बाद PM नरेंद्र मोदी से मिले वीडी शर्मा, बढ़ी हलचल

दतिया. दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद एमपी बीजेपी में हलचल जारी है। दतिया से लेकर दिल्ली तक में गहमागहमी बढ़ गई है। प्रदेश के अनेक नेता राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में एमपी बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। खास बात यह है कि वे इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मिले थे। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के इस कदम पर कई अटकलें लगने लगीं। हालांकि उन्होंने इसे सौजन्य भेंट बताया है। इन दिनों मध्यप्रदेश के बीजेपी नेता, दिल्ली में ज्यादा व्यस्त हो गए हैं। वे सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व से मिल रहे हैं। प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की ये मेल मुलाकातें चर्चा का विषय बन गईं हैं। मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव से लेकर प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों ने भी पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से भेंट की है। दतिया विधानसभा में हाल ही में हुई हार के कारण इन मुलाकातों पर कई कयास लगाए जा रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली का दौरा किया। वे केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और सीआर पाटिल समेत कई मंत्रियों से मिले थे। डॉ. मोहन यादव ने उनसे प्रदेश से जुड़े विकास कार्यों, परियोजनाओं और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की थी। उन्होंने पार्टी नेता बीएल संतोष से भेंट की जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा रही। कहा जा रहा है कि बीजेपी आलाकमान से सीएम मोहन यादव की मुलाकात, दतिया उपचुनाव में हार के संदर्भ में हुई। इसके बाद राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश में व्यापक बदलाव व कार्रवाई के कयास भी लगने लगे।
वीडी शर्मा की पीएम से इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पीएम नरेंद्र मोदी से इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं क्योंकि इससे पहले वीडी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मिले थे। दरअसल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते भी इस मुलाकात को लेकर कई कयासबाजी की जा रही है। वीडी शर्मा ने पीएम मोदी से मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार भेंट बताते हुए अपने एक्स हेंडल पर तस्वीरें भी पोस्ट कीं लेकिन उनकी मुलाकात पर प्रदेश की राजनीति सरगर्म हो उठी है।