JAHमें सर्वर डाउन, पर्चे बनने में घंटों इंतजार, कई मरीज बिना इलाज के लौटे
ग्वालियर-जयरोग्य चिकित्सालय (JAH) समूह में सोमवार को सर्वर ठप होने से व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गईं। डिजिटल पर्ची (OPD कार्ड) बनवाने के लिए मरीजों और उनके अटेंडरों को कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ा। सर्वर की धीमी रफ्तार के कारण पर्चे इतनी देरी से बने कि तब तक कई विभागों के डॉक्टर OPD से जा चुके थे, जिससे दर्जनों मरीजों को बिना दिखाए ही निराश होकर लौटना पड़ा। अस्पताल में सर्वर की यह समस्या पिछले एक सप्ताह से बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
मरीजों की लगी रही लंबी कतारें
न्यू जेएएच में सोमवार को सबसे ज्यादा 663 मरीज मेडिसिन की OPD में आए। वहीं सर्जरी में 208, ईएनटी में 210, ऑर्थोपेडिक में 363, न्यूरोलॉजी-न्यूरोसर्जरी में 392 और स्किन की OPD में 399 मरीज दिखाने आए। इस तरह ओपीडी में कुल 3,760 मरीज इलाज के लिए पहुंचे।
आधा-अधूरा एचआईएमएस बना सिरदर्द, रोज परेशानी
जयरोग्य चिकित्सालय में लागू हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम मरीजों के लिए राहत के बजाय आफत बन गया है। पर्ची काउंटर पर खड़े परिजनों का कहना था कि जब से यह डिजिटल सिस्टम आया है, इलाज से ज्यादा वक्त पर्ची बनवाने में लग रहा है।