दतिया उपचुनाव में सिंधिया की एंट्री, भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

दतिया. दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शक्रवार को पहली बार भापजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए दतिया पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा और कहा कि एक समय ऐसा था जब गांवों में बल्ब तो लगे रहते थे लेकिन कम वोल्टेज के कारण सिर्फ टिमटिमाते थे। अब प्रदेश में वह दौर खत्म हो चुका है और भाजपा सरकार ने गांव-गांव तक बेहतर बिजली व्यवस्था पहुंचाई है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील करते हुए विकास की रफ्तार बनाए रखने का आग्रह किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
बडौनी में आयोजित चुनावी सभा में सिंधिया ने कहा कि पहले बिजली की स्थिति इतनी खराब थी कि घरों में लगे बल्ब केवल टिमटिमाते रहते थे। भाजपा सरकार आने के बाद हालात बदले है और आज गांवों तक कृषि पंपों के लिए अलग लाइन और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता को फिर से पुराने दौर में नहीं लौटने देना है।
तीन प्रमुख मांगें रखी थीं
सिंधिया ने कहा कि जब वह पहली बार दतिया आए थे तब लोगों ने उनसे ताज एक्सप्रेस का स्टॉपेज, केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और बेहतर बिजली व्यवस्था की तीन प्रमुख मांगें रखी थीं। उन्होंने दावा किया कि इन सभी मांगों को पूरा कराने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए और आज जनता को उसका लाभ मिल रहा है।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि वह राजनीति नहीं बल्कि सेवा के उद्देश्य से जनता के बीच आए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का विश्वास जीतकर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। सभा में प्रदेश सरकार के मंत्री तुलसीराम सिलावट, राकेश शुक्ला सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।