स्कूल, बाजार, गांव और खेल मैदान में गूंजा नशामुक्ति का संदेश

ग्वालियरः प्रदेशभर में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के पांचवे दिन को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देष पर अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं खेल मैदानों में पहुंचकर नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के अंतर्गत आज थाना महाराजपुरा पुलिस द्वारा बिरला ओपन माइंड स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक महाराजपुरा की उपस्थिति में उप निरीक्षक क्षमा राजौरिया द्वारा विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस एवं अन्य सभी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी प्रकार के नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई।