एलिवेटेड रोड के निर्माण में श्रमिकों द्वारा बरती गयी लापरवाही पर पीडब्ल्यूडी ने किया नोटिस जारी
ग्वालियर. शहर के बीचों बीच निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सामने आई लापरवाही के बाद लोक निर्माण विभाग (सेतू) ने सख्म रूख अपनाया है। विभागीय अधिकारी कार्यपालन यंत्री जोगिन्दर यादव ने निर्माणस्थल पर निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी को सभी श्रमिकों के लिये निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिये है।
दरअसल, एक दिन पूर्व फूलबाग इलाके में निर्माण कार्य के दौरान कुछ श्रमिक लगभग 30 फीट ऊंचाई पर बने गार्डर पर बिना हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के काम करते हुए नजर आये। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य कर रही पीएनसी कम्पनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कम्पनी ने भी की आंतरिक कार्यवाही
पीडब्ल्यूडी की सख्ती के बाद पीएनसी कम्पनी ने भी अपने स्तर पर कार्यवाही शुरू कर दी है। कम्पनी ने सुरक्षा अधिकारी समेत 2 अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। कम्पनी ने बताया है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी और अधिक सख्त की जायेगी। ताकि इस प्रकार की लापरवाही पुनरावृत्ति न हो।
1100 करोड़ की परियोजना
ग्वालियर में करीब 1,100 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रोड परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। यह शहर की महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल है। विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य की गति के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा।