1.58 करोड़ रूपये की ठगी का पहला आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर. लश्कर इलाके में रहने वाली रिटायर्ड लैब टेक्नीशियन से डिजीटल अरेस्ट कर 1.58 करोड़ रूपये की सायबर ठगी के मामले में क्राइम ब्रांच को पहली बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र के नासिक से लोहा व्यापारी बिट्ठल फलसे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के आईसीआईसीआई बैंक के करंट एकाउंट में ठगी के 19.50 लाख रूपये ट्रांसफर किये गये थे। सोमवार को पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ग्वालियर ला रही है।
डिजीटल अरेस्ट कर 1.58 करोड़ रूपये ठगे
नेहरू पेट्रोल पम्प के पास सरदार पाटनकर साहब का बाड़ा निवासी 69 वर्षीय मीनाक्षी नाखरे ने 23 जून को क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 मई 2026 को डनहें 2 मोबाइल नम्बरों से कॉल आया। कॉल करने वाले स्वयं को दिल्ली टेलीकॉम विभाग अधिकारी अशोक गुंप्ता बताते हुए कहा कि उनके नाम से दूसरा मोबाइल नम्बर चल रहा है। जिसका उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग और गैनकानूनी गतिविधियों में हो रहा है।
जब मीनाक्षी ने ऐसा कोई नम्बर अपना होने से मना किया तो ठगों ने उन्हें दिल्ली आने और गिरफ्तारी की धमकी दी। इसके बाद स्वयं को आईपीएस अधिकारी और सीबीआई अधिकारी बताकर उन्हें 33 दिन तक डिजीटल गिरफ्तारी रखा और डराकर अलग-अलग खातों में 1.58 करोड़ रूपये ट्रांसफर करा लिये।
नासिक से लोहा कारोबारी गिरफ्तार
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को पता चला कि ठगी की रकम का एक हिस्सा महाराष्ट्र के नासिक स्थित इकोब्राइट ग्रीन कंक्रीट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के आईसीआईसीआई बैंक खाते में गया था। पुलिस ने नासिक पहुंचकर जांच की तो कंपनी का संचालक लोहा कारोबारी बिट्ठल फलसे मिला, जिसे रविवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।
लोन दिलाने के नाम पर इस्तेमाल हुआ खाता-आरोपी
पूछताछ में बिट्ठल फलसे ने पुलिस को बताया कि उसके कारोबार में नुकसान हो गया था और उसे पैसों की जरूरत थी। इंटरनेट पर पर्सनल लोन की तलाश के दौरान उसकी संपर्क एक म्यूल अकाउंट एजेंट से हुआ। एजेंट ने उसके बैंक खाते का इस्तेमाल कराया और बदले में 10 प्रतिशत कमीशन दिया।आरोपी का दावा है कि उसे रकम के साइबर ठगी से जुड़े होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस अब इस दावे की जांच कर रही है।
4 राज्यों के खातों में भेजी गई थी रकम
जांच में सामने आया कि ठगी की पूरी रकम चार राज्यों के चार अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी।
26 मई 2026 – ₹60 लाख, ओसियन ब्रिज ट्रेडर्स, आईसीआईसीआई बैंक, मलप्पुरम (केरल)
3 जून 2026 – ₹40.90 लाख, कुरुकनलो इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, बंधन बैंक, साल्टलेक, कोलकाता (पश्चिम बंगाल)
5 जून 2026 – ₹37.50 लाख, डिक्वा सोल्यूशन पॉइंट ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, रायपुर (छत्तीसगढ़)
10 जून 2026 – ₹19.50 लाख, इकोब्राइट ग्रीन कंक्रीट इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक, गंगापुर रोड, नासिक (महाराष्ट्र)