आंगन में सो रहे बच्चों और पत्नी को कुल्हाडी से काटने के बाद ट्रेन से कटकर जान दी, पुलिस हत्या की वजह का पता करने में जुटी

मुरैना. किशनपुर गांव में शुक्रवार की रात 35 वर्षीय बलरामसिंह कुशवाह ने पहले अपनी पत्नी और 2 मासूम बेटों की कुल्हाडी से काटकर हत्या कर दी और इसके बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा। ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है।
थाना बसैया टीआई ने बताया है कि वारदात घर के आंगन में हुई है। घर चारों तरफ से ऊंचा बाउंड्री से घिरा हुआ है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा है कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद है। शक होने पर उन्होंने बाउंड्री के ऊपर से अन्दर झांक कर देखा तो महिला और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी।

घटनास्थल पर ही तीनों की मौत
ब्लराम सिंह ने देर रात सो रही अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाह पर कुल्हाडी से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों 8 वर्षीय आरव, 5 वर्षीय देबू पर भी ताबड़तोड हमले किये। हमले में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की खबर मिलते ही माता बसैया थाना टीआई, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाये और जांच शुरू कर दी है।
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं
मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया है कि हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने चारो के शवों को पोस्टमार्टम के लिये मुरैना भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।