एलिवेटेड रोड- गुरुद्वारे-फूलबाग के बीच फिर से होगा ट्रैफिक डायवर्ट, 19 से बंद होंगे रास्ते
गर्डर स्लैब डालने के लिए कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मांगा ब्लॉक, बलिदान मेले के बाद मिलेगी अनुमति
ग्वालियर- एलिवेटेड रोड के लिए एक बार फिर एलिवेटेड हिस्सा तैयार करने का काम शुरू किया जाएगा। इस बार रास्ते बंद कर वाहनों के ट्रैफिक को डायवर्ट करने का प्लान बनाया गया है। कंस्ट्रक्शन कंपनी पीएनसी इंफ्रा ने इस रूट के डायवर्जन के लिए 2 महीने की अनुमति मांगी है। इस दौरान फूलबाग चौराहे से गुरुद्वारे तक के पिलर पर स्लैब डालने का काम किया जाएगा।
फरवरी-मार्च में भी रूट डायवर्जन के कारण यह रास्ता बंद रहा था। ट्रैफिक पुलिस इस डायवर्जन को 19 जून से लागू करने पर विचार कर चुकी है। हालांकि 18 जून को बलिदान मेला है और उस दौरान पड़ाव, फूलबाग, स्टेशन रोड, बजीताल, मोतीमहल आदि क्षेत्रों में ट्रैफिक और लोगों की आवाजाही अधिक रहेगी।
एलिवेटेड रोड से जुड़े तथ्य
कॉरिडोर लागत: 1372.94 करोड़ रुपये
लंबाई: 13.3 किमी
लूप की लंबाई: 10.48 किमी
पिलर: 522
ऐसा रहेगा रूट डायवर्जन प्लान
पड़ाव से नदी गेट की ओर आने वाले वाहन स्मृति स्थल के सामने से मोतीमहल, बजीताल और जल विहार होते हुए निकलेंगे।
शिदे की छावनी से सेंटर प्वाइंट कॉम्प्लेक्स, फूलबाग चौराहे की तरफ जाने वाले वाहनों को नौगजा रोड से होते हुए मार्कण्डेश्वर मंदिर होकर निकाला जाएगा।
शिदे की छावनी से फूलबाग-पड़ाव की ओर जाने वाले वाहनों को गेंडेर जंक्शन या बजीताल होते हुए एलआईसी तिराहे से निकाला जाएगा। डीडी मॉल से मार्केटश्वर तक मार्ग बंद रहेगा।
फूलबाग से नदी गेट चौराहे की तरफ आने वाले वाहनों को मोतीमहल जल विहार से निकाला जाएगा। मोतीमहल गेट नंबर 5 और गुरुद्वारे की साइड से इस रास्ते को बंद कर दिया जाएगा।
डायवर्जन वाले रास्तों पर प्वाइंट न लगे तो बढ़ेगी परेशानी
2. पुलिस प्वाइंट
फरवरी में इसी रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान व्यवस्था बिगड़ी थी और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा था। कारण यह था कि जिन प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मी तैनात होने थे, वहां वे लगातार मौजूद नहीं रहे और केवल औपचारिक निगरानी होती रही।
1. अतिक्रमण
नौगजा रोड पर सिंधे की छावनी से फूलबाग के ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाना है। लेकिन इस दो लेन सड़क पर पहले से ही यातायात का दबाव बना रहता है। सड़क किनारे ठेले, फेरीवाले और दुकानों के सामने खड़े वाहन यातायात को प्रभावित करते हैं। वहीं बजीताल, मोतीमहल रोड, सेंटर रोड के फुटपाथ और सड़क पर भी अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है।
कंपनी ने डायवर्जन मांगा है
एलिवेटेड रोड का निर्माण कर रही कंपनी ने ट्रैफिक डायवर्जन की मांग की है। बलिदान मेले के बाद 19 जून से यह डायवर्जन व्यवस्था लागू की जा सकती है।
धनंजय शर्मा, यातायात प्रभारी