ग्वालियर -भिंड-इटावा फोर-लेन, डबरा वेस्टर्न बायपास और सर्विस रोड निर्माण सहित कई मांगों पर मिला सकारात्मक आश्वासन
ग्वालियर / नई दिल्ली -क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित एवं महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सांसद भारत सिंह कुशवाह ने मुलाक़ात की। अंचल से जुड़ी महत्वपूर्ण सड़क एवं अधोसंरचनागत विकास कार्यों के संबंध में विस्तृत मांग-पत्र सौंपा।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्वालियर-भिंड-इटावा फोर-लेन मार्ग की शीघ्र स्वीकृति, डबरा वेस्टर्न बायपास की डीपीआर तैयार कर परियोजना को गति देने एवं ग्वालियर के पुराने बायपास के दोनों ओर सर्विस रोड के निर्माण की मांग रखी। राष्ट्रीय राजमार्गों के स्वीकृत कार्यों के भूमि पूजन एवं शिलान्यास के लिए समय प्रदान करने का अनुरोध भी किया।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्वालियर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। साथ ही व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से ग्वालियर-भिंड-इटावा फोर-लेन मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और आवागमन में लगने वाला समय कम होगा।प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया तथा संबंधित परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।