गोपाचल जैन मंदिर पर पूर्जा-अर्चना को लेकर हुई मारपीट, संरक्षक ने श्रद्धालुओं को पीटा आई आंख में गंभीर चोट
ग्वालियर. पडाव थाना इलाके स्थित गोपाचल पर्वत जैन मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और एक व्यक्ति के बीच मारपीट हो गयी। जिसमें एक श्रद्धालु घायल हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ही मंदिर परिसर में हंगा और धक्का-मुक्की दिखाई दी है।
श्रद्धालु प्रतिदिन की तरह मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना करने के लिये पहुंचे थे। इसी बीच अजीत बरैया जो स्वयं को मंदिर का संरक्षक बताते है, ने श्रद्धालुआ को पूजा करने से रोकना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने पुजारी को भी पूजा-अर्चना कराने से मना कर दिया।
आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
श्रद्धालुओं द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान श्रद्धालु डीके जैन घायल हो गए। उनकी आंख में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई। मारपीट और विवाद से नाराज श्रद्धालु पड़ाव थाने पहुंचे और अजीत बरैया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। श्रद्धालुओं ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना से आस्था को ठेस पहुंची है और मंदिर की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को आवेदन दिया
बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को आवेदन दिया गया है। पड़ाव थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी और वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।