भयंकर आग-लम्बे समय से बंद मैरिज गार्डन में लगी आग से जलकर लाखों रूपये का सामान राख, एक घंटे में आग पर पाया काबू
ग्वालियर. गोला का मंदिर थाना इलाके स्थित मैरिज गार्डन ग्रैंड पैलेस में बुधवार की शाम को भीषण आग लग गयी। इस घटना में लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो गया है। आग की खबर मिलते ही फायरबिग्रेड की 5 गाडि़यां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक भड़की और तेजी से फैल गयी। टैंट, सजावाट का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री इसकी चपेट में आ गये। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थी। अधिकारियों ने बताया है कि यह मैरिज गार्डन लम्बे समय से बन्द था। फायरबिग्रेड के कर्मचारियों ने लगभग 1 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग बुझाने के लिए 3 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।