परीक्षा से 15 मिनट पहले पेपर बेचता पकड़ा गया एजेेंट, फॉर्मेसी परीक्षा का वीडियो वायरल, 3 गिरफ्तार
ग्वालियर. डिप्लोमा फॉर्मेसी परीक्षा के बीच पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्यवाही तेज कर दी है। ग्वालियर के झांसी रोड इलाके में वायरल वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी अंकेश धाकड सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ममाल 6 अप्रैल का है, जब राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित डिप्लोमा इन फॉर्मेसी परीक्षा का सेंटर झांसी रोड स्थित आरएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ फॉर्मेसी में था। शुक्रवार की सुबह 11-12 के बीच हॉस्पिटल एंड क्लीनिकल फॉर्मेसी (कोड-8110) का पेपर होना था। लेकिन परीक्षा शुरू होने से लगभग 15 मिनट पहले, यानी 10.45 बजे एक युवक सेंटर के बाहर मोबाइल में पेपर होने का दावा कर छात्रों से सौदा करता दिखाई दिया। वीडियो में आरोपी नीली शर्ट पहनकर छात्रों को पेपर दिखाने और लीक करने की बात करता दिखाई दे रहा है।
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव के मुताबिक, केंद्र अध्यक्ष की शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
4 छात्रों की पहचान
घटना का खुलासा तब हुआ जब जितेंद्र मिश्रा नाम के व्यक्ति ने परीक्षा नियंत्रक को व्हाट्सएप पर वीडियो भेजा। जांच में चार छात्रों सोहेल मलिक, वीरेंद्र सिंह धाकड़, किशन धाकड़ और दीपक धाकड़ की पहचान हुई। ये चारों मौके पर मौजूद थे।
वीडियो के आधार पर पेपर लीक करने वाले की पहचान अंकेश धाकड़ के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
केंद्र अध्यक्ष भूपेंद्र कुशवाह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र पूरी तरह सुरक्षित थे। सुबह 10:54 बजे फ्लाइंग स्क्वॉड और पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सीलबंद पैकेट खोले गए थे और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई थी। ऐसे में आरोपी ने छात्रों को भ्रमित कर अवैध लाभ कमाने की कोशिश की।