CM नीतीश कुमार ने MLC पद से दिया इस्तीफा, अब जाएंगे राज्यसभा

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया है. थोड़ी देर में आधिकारिक घोषणा की जाएगी. उन्होंने सीएम हाउस से ही सभापति अवधेश नारायण सिंह को रिजाइन सौंप दिया. साल 2006 से नीतीश लगातार विधान परिषद के सदस्य थे. अब माना जा रहा है कि जल्द ही वह सीएम पद से भी इस्तीफा दे देंगे. बिहार में नई सरकार का गठन किया जाएगा. इस बीच जेडीयू नेताओं का मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचना लगातार जारी है. रविवार शाम को भी कई JDU नेता उनसे मिलने पहुंचे थे.

उधर, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी अपने विधायक पद से इस्तीफे का ऐलान सोशल मीडिया पर कर दिया है. वह बांकीपुर से विधायक थे. नीतीश कुमार के साथ उन्हें भी राज्यसभा चुनाव में जीत मिली है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बयान देते हुए कहा कि बांकीपुर से विधायक नितिन नबीन आज अपने पद से इस्तीफा दे देंगे. सरावगी ने बताया कि नितिन नवीन ने अपना इस्तीफा उन्हें कल ही सौंप दिया था, जिसे वे आज बिहार विधानसभा अध्यक्ष को सौंपेंगे. उन्होंने कहा कि रविवार होने के कारण कल औपचारिक रूप से इस्तीफा नहीं दिया जा सका. फिलहाल, नितिन नवीन असम दौरे पर हैं, इसलिए उन्होंने प्रक्रिया में देरी न हो, इसके लिए पहले ही इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को दे दिया था. आज तय समय के भीतर उनका इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया जाएगा.

कब लेंगे राज्यसभा की शपथ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साल 2006 से लगातार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं. वह चौथी बार 7 मई 2024 को परिषद पहुंचे थे और उनका कार्यकाल 2030 तक था. लेकिन 16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद अब उन्हें परिषद की सदस्यता छोड़नी होगी. माना जा रहा है कि वह 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं.