बुधवार को 6 जरूरतमंद महिलायें बनेंगीं शक्ति दीदी
वर्तमान में 101 शक्ति दीदियां संभाल रही हैं फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी
ग्वालियर – महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए “शक्ति दीदी” नवाचार से जरूरतमंद महिलाओं को लगातार रोजगार मिल रहा है। इस नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। बुधवार 25 मार्च को 6 जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनेंगीं। वर्तमान में शक्ति दीदी के तहत पहले से ही जिले में 101 महिलाएं यह भूमिका सफलतापूर्वक निभा रही हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलायेंगे। कलेक्टर 25 मार्च को प्रात: 11.30 बजे एसआर पेट्रोलियम काल्पी ब्रिज रोड पर मधु, खुशबू व हेमलता को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगी।
इसी तरह श्रीगंगा सर्विस स्टेशन वीरपुर में मुस्कान, इन्दु फिलिंग स्टेशन गुड़ागुड़ी का नाका पर शानू खान एवं अलापुर पेट्रोलियम मंथन बैंक्वेट के सामने कविता को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।