सुप्रीम कोर्ट तय करेगा कि विजयपुर विधानसभा सीट से मुकेश मल्होत्रा या रामनिवास रावत होंगे विधायक

ग्वालियर. मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के चुनाव का लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की जायेगी। गुरूवार की दोपहर तक इस मामले में सुप्रीम कोर्ट महत्वपूर्ण निर्णय दे सकता है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथ की युगल पीठ में सुनवाई होगी। इस प्रकरण को 8वें नम्बर पर सुनवाई के लिये सूचीबद्ध किया गया है। गौरतलब है कि ग्वालियर हाईकोर्ट ने क्रिमिनल केस छिपाने के चलते मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित करते हुए बीजेपी नेता रामनिवास रावत को विजेता माना था।
6 में से 2 केस छिपाना भारी पड़ा मुकेश को
9 मार्च को ग्वालियर हाईकोर्ट के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा का चुनाव रद्द कर दियाथा। हाईकोर्ट ने पाया कि मुकेश मल्होत्रा के 2024 के उपचुनाव के नामांकन में केवल 4 क्रिमिनल केस की जानकारी दी थी। दरअसल, उनके खिलाफ 6 मामले दर्ज थे। 2 केस की जानकारी छिपाना चुनावी नियमों का उल्लघन माना गया।
9 मार्च को हाईकोर्ट ने विजयपुर विधायक मामले में सुनवाई करते हुए मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य करने के बाद 15 दिन का समय सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए दिया था। 24 मार्च को यह 15 दिनों की समयसीमा पूरी हो रही है। ऐसे में 19 मार्च को होने वाली सुनवाई अहम होगी।