पति पहले से ही शादीशुदा, धोखा देकर मेरे सहित 3 शादियां की, पत्नी ने पुलिस के सामने लगाई मदद की गुहार

ग्वालियर. पुलिस की जनसुनवाई नवविवाहिता महिला ने अपने पति पर धोखे, मारपीट और 3 शादियां करने का आरोप लगाते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई हें पीडि़ता ने पति द्वारा अश्लील वीडियो-फोटो वायर करने की धमकी देने का भी जिक्र किया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामले में उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
19 वर्षीय नवविवाहिता ने पुलिस को बताया है कि उसने 2025 में अपने माता-पिता की बिना अनुमति के घर से भागकर अनिकेत वर्मा नाम युवक से लवमैरिज की थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही अनिकेत ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और बाद में युवती को पता चला कि अनिकेत पहले से ही शादी शुदा था उसने यह बात उससे छिपाकर धोखे से शादी की थी।
क्या है मामला
अनिकेत ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर इंदौर भागकर आर्य समाज मंदिर में उससे शादी कर ली। हालांकि, युवती के बार-बार कहने के बावजूद अनिकेत ने अपनी शादी का कोर्ट में रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया। युवती ने बताया कि अनिकेत का अब जाकर अपनी पहली पत्नी से तलाक हुआ है। इसके बाद वह दिल्ली चला गया और वहां एक अन्य लड़की से आर्य समाज मंदिर में तीसरी शादी कर ली है, जिसके साथ वह अब रह रहा है।
पीड़िता वर्तमान में अपने माता-पिता के साथ रह रही है और अनिकेत की इस तीसरी शादी का विरोध कर रही है। इससे नाराज अनिकेत अब उसे धमका रहा है और उसके अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। परेशान युवती ने अनिकेत से तलाक की मांग की है। पुलिस ने युवती को वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।