खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले में जल संरक्षण के कार्यों को हाथ में लिया जायेगा

ग्वालियर -खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले में जल संरक्षण के कार्यों को हाथ में लिया जायेगा। इसके साथ ही शासकीय स्कूलों के जीर्णोद्धार, बड़े कस्बों में सोलर पैनल के माध्यम से स्ट्रीट लाइट के साथ ही अस्पतालों में पेयजल प्रबंधन के लिये आरओ सिस्टम लगाने का कार्य किया जायेगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी विकास कार्यों के संबंध में जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।
खनिज प्रतिष्ठान मद से ग्वालियर जिले में वर्ष 2016-17 से वर्ष 2025-26 तक कुल 29 करोड़ 27 लाख 12 हजार रुपए से अधिक की राशि राजस्व के रूप में प्राप्त हुई है। इनमें मुख्य खनिज से 2 करोड़ 72 लाख 36 हजार एवं गौंण खनिज से 26 करोड़ 16 लाख 40 हजार रुपए से अधिक राशि प्राप्त हुई है। जिले में खनिज प्रतिष्ठान मद से प्राप्त राशि से राज्य स्तर से एवं जिला स्तर से कार्य स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत कार्यों को तत्परता से पूर्ण करने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले के चयनित ऐसे स्कूल जिनके भवनों की स्थिति ठीक नहीं है, उनका जीर्णोद्धार, जिले के बड़े कस्बों में सोलर पैनल के माध्यम से स्ट्रीट लाइट और चयनित अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिये शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिये आरओ सिस्टम लगाने के कार्य को भी प्राथमिकता दी गई है।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जहां पर भी पेयजल के लिये हैंडपंप खनन की अति आवश्यकता है, उन स्थानों के प्रस्ताव भी जनप्रतिनिधियों से प्राप्त कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने का निर्णय बैठक में लिया गया है।