ग्वालियर से गुजरने वाली वंदे भारत और गतिमान एक्सप्रेस में मिलेगा कंफर्म टिकट

ग्वालियर. त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड के चलते उत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हो गई है। ग्वालियर से दिल्ली, गोरखपुर, पटना, मुंबई और पूर्वी क्षेत्रों की ओर जाने वाली ट्रेनों में अब वेटिंग लिस्ट सैकडों में पहुंच चुकी है। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज सिंह के अनुसार दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए यात्रियों की अत्यधिक भीड को संभालने के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।

ग्वालियर से गुजरने वाली वंदे भारत में सीटें खाली

ग्वालियर से होकर गुजरने वाली वंदे भारत और गतिमान एक्सप्रेस में अभी कुछ सीटें खाली है लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में जगह नहीं है। रेलवे के अनुसार गतिमान एक्सप्रेस और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में ग्वालियर से दिल्ली तक करीब 80 से 150 सीटें रोजाना खाली हो रही है जबकि सामान्य और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में सीटों के लिए लंबी वेटिंग चल रही है।

छठ पूजा के लिए जाते हैं हजारों यात्री

ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों से छठ पूजा के लिए बिहार के लिए काफी संख्या में यात्री जाते हैं। इन यात्रियों द्वारा काफी पहले ही रिजर्वेशन करा लिया जाता है। यहां से जाने वाली चंबल एक्सप्रेस, बरौनी मेल में इन दिनों यात्रियों को जगह नहीं मिल रही है।