नलकेश्वर कुण्ड में डूबे युवक को तलाशने पहुंची NDRF, 6 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा युवक कुण्ड में कूदा फिर दिखाई नहीं दिया

ग्वालियर. दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने नलकेश्वर आया युवक कुण्ड में डूब गया है। वह नलकेश्वर महादेव के झरने में नहा रहा था फिर अचानक कुण्ड में छलांग लगा दी। चंद सेकेण्ड वह पानी की सतह पर दिखा। लेकिन उसके बाद कुण्ड में नहीं दिखाई दीं। घटना बुधवार को तिघरा स्थित नलकेश्वर महादेव कुंड की है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश किया। लेकिन कुछ पता नहीं लगा। तत्काल रेस्क्यू के लिये एनडीआरएफ को बुलाया गया। रात 8 बजे तक रेस्क्यू करने के बाद अंधेरा होने पर तलाशी अभियान रोका गया था। गुरूवार की सुबह फिर रेस्क्यू शुरू कर दिया गया है।
युवक बिलारा गांव का निवासी
युवक का नाम धर्मेन्द्र राणा 25, है। वह मुरार ब्लॉक स्थित बिलारा गांव का रहने वाला है। बुधवार को मौसम अच्छा होने पर वह 6 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने तिघरा की पहाडि़यों पर बसे नलकेश्वर महादेव झरने पर गया था। दोपहर के समय सभी दोस्त झरने के नीचे नहा रहे थे। तभी धर्मेन्द्र ने अचानक झरने से कुण्ड में छलांग लगा दी। कुण्ड की गहराई की सही अन्दाजा नहीं लगाया जा सका। धर्मेन्द्र कुछ सेकेंड तक पानी की सतह पर नजर आया। लेकिन फिर गायब हो गया।
NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस मौके पर पहुंची और NDRF की टीम को बुलाया गया। बुधवार रात अंधेरा होने के कारण सर्च रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह दोबारा ऑपरेशन शुरू हुआ। झरने की तेज धार और पानी का बहाव रेस्क्यू में बाधा बन रहा है। टीम को शक है कि युवक किसी चट्टान के नीचे फंसा हो सकता है। कुंड की गहराई ज्यादा होने और पानी गंदा होने की वजह से तलाश में समय लग रहा है। तिघरा थाना पुलिस के मुताबिक, मौके पर लगातार सर्च चल रहा है। अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।