पत्नी को दिनदहाडे जिंदा जलाने का प्रयास, पति ने पेट्रोल डालकर लगाई आग और स्वयं को भी जलाने का प्रयास

ग्वालियर. एक युवक ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी है और पास में ही तैनात ट्रैफिक पुलिस के एक जवान ने तत्काल आग बुझाई। इस बीच उसके दोनों हाथ झुलस गये। इधर, पकड़े जाने पर आरोपी पति ने स्वयं पर भी पेट्रोल उड़ेल लिया।
यह घटना बुधवार की दोपहर अलकापुरी तिराहा की है। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला लगभग 30 प्रतिशत झुलस गयी। डॉक्टर्स का कहना है कि महिला की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति के बीच तलाक का विवाद चल रहा है।
क्या है मामला
ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र स्थित महलगांव में रहने वाली काजल दुबे का अपने पति पवन दुबे से तलाक का विवाद चल रहा है। तलाक का केस कोर्ट में है। बुधवार दोपहर काजल गली के रहने वाले मनीष नागोरिया के साथ बाइक से कहीं जा रही थी। तभी अलकापुरी तिराहा पर उसका पति पवन दुबे वहां आ गया और काजल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला को आग में जलता देख पास ही मौजूद पुलिसकर्मी बृजेन्द्र और मनीष ने पति को पकड़ने के बाद आग बुझाने का प्रयास किया। जिसमें पुलिसकर्मी और मनीष भी आग में झुलस गए। इसी दौरान पति पवन ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ कर थाने पहुंचा दिया है। पुलिस अफसर ने आग बुझाने वाले जवान की बहादुरी और समझदारी की तारीफ की है।