बदनापुरा में की गयी शादी में हर्ष फायरिंग 3 बंदूकों के साथ 6 लोग गिरफ्तार

ग्वालियर. बदनापुरा में 2 सगे भाईयों की शादी में की गयी ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुरानी छावनी पुलिस ने सख्त कार्यवाही करते हुए एक महिला समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 3 बंदूकें भी जब्त की गयी है। यह फायरिंग 22 मई को धनावत परिवार की शादी में की गयी थी। जिसमें महिलायें भी हथियार चलाती दिखाई दे रही थी।
पुरानी छावनी टीआई क्षमा ने बताया कि 2 दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें लगभग 6 युवक और एक महिला खुलेआम फायरिंग कर रहे थे। जांच करने पर पता चला कि यह वीडियो बदनापुरा में 22 मई को हुई शादी का है। यह शादी अजबसिंह धनावत के 2 बेटों, रंजीत औरे वरूण धनावत की थी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में हुई शादियों की जानकारी लेकर यह पुष्टि की कि वीडियो उसी शादी समारोह की है।
सीएसपी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि शादी समारोह में की गई हर्ष फायरिंग से आम लोगों की जान को खतरा पहुंचा। वायरल वीडियो में महिला द्वारा भी फायरिंग करते देखा गया है। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जब्त हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध।