पीएम मोदी ने दिया 2019 का चुनावी नारा- मोदी है तो मुमकिन है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि नाम से एक ऐतिहासिक योजना लेकर आई है. ये वैसी योजना नहीं जो कांग्रेस हर दस वर्ष पर लेकर आती है. कांग्रेस को चुनाव आते ही कर्जमाफी का बुखार आता है. उनकी योजना का लाभ मात्र 20 फीसदी किसानों को होता था. लेकिन हमारी योजना का लाभ 90 फीसदी किसानों को मिलेगा, जो हर साल मिलेगा. हमने जो योजना बनाई है उससे दस साल में 7.5 लाख करोड़ रुपया सीधे किसानों के खाते में जमा होने वाला है.
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि हमने गाय की रक्षा के लिए कामधेनू आयोग बनाने का फैसला लिया है. जिसके लिए बजट से 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है. ऐसे बड़ा काम तभी संभव हो सकते हैं, जब सेवा भाव से आप काम करते हैं. पिछले साढ़े चार साल में ऐसे अनेक काम थे, जिनके बारे में सिर्फ चर्चा होती थी. अब जब यह जमीन पर आ गई है तो एक विश्वास उठा है कि मोदी है तो मुमकिन है.