MP को एक और वंदेभारत, दो राज्यों को जोड़नेवाली नई ट्रेन का रूट और शेड्यूल तय

भोपाल. मध्यप्रदेश को एक और वंदेभारत एक्सप्रेस मिल रही है। रेलवे ने नई ट्रेन का रूट और शेड्यूल तय कर लिया है। नई वंदेभारत एक्सप्रेस दो राज्यों को जोड़ेगी। यह एमपी के जबलपुर से चलेगी और महाराष्ट्र के चांद फोर्ट स्टेशन तक जाएगी। पहले इसे जबलपुर से रायपुर तक चलाने का प्रस्ताव था लेकिन रेल प्रशासन ने यह रूट बदलने का फैसला लिया। रेलवे ने नए रुट की घोषणा कर नया शेड्यूल भी बना लिया है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलते ही नई वंदेभारत ट्रेन शुरू हो जाएगी। इसी के साथ जबलपुर को दो वंदेभारत एक्सप्रेस मिल जाएगी।
यात्रियों की जोरदार मांग के बाद आखिरकार जबलपुर से नई ट्रेन मिलने की आस पूरी हो गई है। यहां से वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी जोकि चंद्रपुर जिले में स्थित चांद फोर्ट स्टेशन तक जाएगी। इस प्रकार नई ट्रेन एमपी को महाराष्ट्र से जोड़ेगी। रेलवे के इस फैसले से संस्कारधानी सहित महाकौशल के रेल यात्रियों को खासी सुविधा होगी। प्रस्ताव रेलवे बोर्ड से मंजूरी के लिए भेज दिया गया है।
जबलपुर से चांद फोर्ट स्टेशन करीब 476 किमी दूर है। नई वंदे भारत एक्सप्रेस 8.35 घंटे में ये दूरी तय करेगी। रेलवे ने पहले जबलपुर से गोंदिया के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की जिसका रुट रायपुर होते हुए तय किया था। अब रूट बदल दिया गया है। वंदेभारत एक्सप्रेस अब जबलपुर से गोंदिया होते हुए चांद फोर्ट स्टेशन तक चलाई जाएगी। पश्चिम मध्य रेल मंडल ने नए रूट के साथ ही जबलपुर-चांद फोर्ट वंदेभारत का नया शेड्यूल भी बना लिया है। इसके अनुसार नई ट्रेन जबलपुर से सुबह 6.30 बजे रवाना होगी और नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया होते हुए चांद फोर्ट स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3.45 बजे चांद फोर्ट स्टेशन से रवाना होकर देर रात जबलपुर पहुंचेगी।