हाथरस में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में अब तक 116 की मौत, CM ने किया मुआवजे का एलान
हाथरस. उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र में बडा हादसा हुआ है। यहां के रतीभानपुर गांव में चल रहे भोले बाबा के सत्संग में भगदड मच गई। इस हादसे में 116 लोगों की मौत हो गई जिसमें 7 बच्चे और एक पुरूष शामिल है। वहीं कई की हालत गंभीर है। अब तक 72 लोगों की पहचान हो चुकी है। राज्य के डीजीपी प्रशांत कुमार ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की और कहा कि सभी चीजों की जांच चल रही है। हम निष्कर्ष पर पहुंचकर प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करना चाहते। जांच के निष्कर्षों के आधार पर मामला आगे बढेगा।
पीएम मोदी ने किया आर्थिक मदद का एलान
हाथरस हादसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुआवजे का एलान किया है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
23 शव अलीगढ लाए गए
अलीगढ के जिला मजिस्ट्रेट विशाक जी ने कहा कि हाथरस में जितने लोगों की मौत हुई है उसमें से 23 शव अलीगढ आ चुके है। पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीन घायल जेएनएमसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती है जिसमें एक की हालत गंभीर है।
जांच समिति का गठन किया
यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन मंत्रियों को भेजा है। इसके लिए सीएम ने जांच समिति का गठन किया है, जो रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा, ‘जिसकी भी गलती होगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम बुधवार को आएंगे और व्यवस्थाओं को देखेंगे।’
डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे
घटनास्थल एटा सिकंदराराऊ के बॉर्डर पर है। घायलों को बस-टैंपो में लादकर जिला अस्पताल लाया गया है। अब तक 27 शव एटा पोस्टमार्टम गृह पर लाए गए हैं। मृतकों में 23 महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए हैं।