भारी बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 की छत ढही, 1 की मौत, फ्लाइट्स रोकी
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में बीती रात और शुक्रवार सुबह भारी बारिश हुई है। इससे कई इलाके जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर कारें पानी में डूबी नजर आई। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर छत का एक हिस्सा ढहने से 8 लोग घायल हो गए। 1 की मौत की सूचना है। यहां कुछ कारों को भी नुकसान पहुंचा है। एनडीआरएफ के अधिकारी दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर मौजूद है। हादसे के बाद टर्मिनल-1 से आने-जाने फ्लाइट्स को रद्द करना पडा है। डीजीसीए के अनुसार एयरलाइंस को सलाह दी गई है कि वे यात्रियों को वैकल्पिक उडानों से उनके गंतव्य तक पहुंचाएं या नियमों के तहत किराए की पूरी राशि रिफंड करें।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 की छत गिरने की सूचना मिली। आपात स्थिति से निपटने के लिए चार दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। इसी तरह, जलजमाव के बाद द्वारका सेक्टर 25 मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है।