यात्रियों को रेलवे का बड़ा तोहफा, ट्रेनों में बढ़ेंगे सामान्य और स्लीपर डिब्बे
भोपाल. ट्रेनों में उमडती भीड को देखते हुए रेलवे अब मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में साधारण कोचों की संख्या बढाने जा रहा है। जिन ट्रेनों में अभी सिर्फ दो साधारण कोच ही लगे है उनमें इनकी संख्या दोगुनी की जाएगी। प्रत्येक मेल-एक्सप्रेस ट्रेन में चार साधारण कोच लगेंगे। इससे पश्चिम मध्य रेलवे की लगभग 100 ट्रेनों को भी इसका फायदा होगा और इनमें चार-चार साधारण कोच हो जाएंगे। भोपाल मंडल से इस समय 200 से अधिक मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती है। इन ट्रेनों में भी चार साधारण कोच लगेंगे। ऐसे में जोन की इस पहले से प्रतिदिन लगभग 14 हजार से अधिक यात्रियों को फायदा होगा।
अगस्त तक देखने को मिलेगा बदलाव
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडल भोपाल, कोटा और जबलपुर की जो एक्सप्रेस व मेल ट्रेन चल रही है उन सभी ट्रेनों से दो एसी के डिब्बे निकाले जाएंगे और उनकी जगह स्लीपर या सामान्य कोच लगाए जाएंगे जिससे कम खर्च में यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सके। यदि ट्रेनों में पहले से ही सामान्य कोचों की संख्या ज्यादा है तो ज्यादा परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। अगस्त 2024 तक भोपाल सहित तीनों मंडलों में बदलाव देखने को मिलेगा, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई है।