गोवंश की हत्या के 3 आरोपियों के 4 घर व कब्जे ध्वस्त, एनएसए के तहत केस दर्ज

सिवनी. गोवंश हत्याकांड में प्रशासन की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है। नवागत कलेक्टर संस्कृति जैन ने प्रभार लेते ही सोमवार को गोवंश प्रकरण में शामिल दो आरोपियों संतोश कवरेती गरघटिया व राम दास उइके पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम लगाने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही सांप्रदायिक सद्भाव और कानून व्यवस्था बिगाडने वाले अपराधों में शामिल आरोपियों का केस नहीं लेने का आग्रह जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों से किया है। इस पर अधिवक्ताओं ने सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन जिला प्रशासन को दिया है।
अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई
दूसरी ओर, केवलारी एसडीएम महेश अग्रवाल सहित राजस्व अधिकारियों व बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में गोवंश मामले में गिरफ्तार पलारी चौकी क्षेत्र निवासी 3 आरोपियों वाहिद खान, शादाब खान तथा इरफान मोहम्मद के बिना अनुमति सरकारी जमीन पर बने तीन घरों सहित एक निर्माणाधीन मकान के अतिक्रमण को जेसीबी लगाकर  तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या पुलिस व प्रशासन के अधिकारी सहित बल मौजूद रहा। बता दें कि 19, 20 तथा 21 जून को जिले के धूमा, धनौरा, पलारी और सुनवारा क्षेत्र में 62 गोवंश के शव बैनगंगा नदी व जंगल में मिले थे। गोवंश की गला रेतकर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।