क्यों टल गई है प्रियंका गांधी की लखनऊ की रैली? कांग्रेस ने बदली रणनीति?
प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में कदम रखते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जोश से भर दिया था. प्रियंका की सियासी लांचिंग के लिए 10 फरवरी को लखनऊ के रमाबाई मैदान में होने वाली रैली को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है. हालांकि, वो विदेश से सोमवार को वापस भारत लौटी हैं और अब बदली हुई रणनीति के तहत उनकी लिए उत्तर प्रदेश में नए सिरे प्लान बनाए जा रहे हैं. माना जा रहा है कि कुंभ के स्नान के साथ प्रियंका का सूबे का दौरा शुरू हो सकता है.
कांग्रेस के सूत्रों की मानें तो 10 फरवरी को प्रस्तावित लखनऊ के रमाबाई मैदान की रैली को रद्द कर दिया गया है. लेकिन अब नए प्लान के तहत उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी की लांचिंग प्रयागराज के कुंभ स्नान के साथ शुरू करने की योजना बनाई गई है. इसके तहत प्रियंका गांधी जल्द ही यूपी का दौरा करेंगी. इस कड़ी में वो पहले इलाहाबाद में आनंद भवन जाएंगी, इसके बाद वहां से कुंभ स्नान करने जा सकती हैं.