MP में प्री मानसून गतिविधियां, लू से राहत, अगले चौबीस घंटों तक इन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

भोपाल. प्रदेश में मानसून पूर्व (प्री मानसून) की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इंदौर समेत कई स्थानों बौछारें पड़ी हैं। सोमवार को अधिकतर जिलों में लू नहीं चली। इससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक निजात मिली है। हालांकि प्रदेश के उत्तरी हिस्से में तापमान बढ़ा हुआ है।
कई जिलों में हाई रहा तापमान
छतरपुर में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ तो निवाड़ी में 45.5 और खजुराहो में 45.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शेष जिलों में तापमान इससे कम रहा। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
दो-तीन दिन बाद छा सकते हैं आसमान में बादल
मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में अगले चौबीस घंटों का मौसम ऐसा ही रहेगा। दो-तीन दिन बाद आसमान में बादल छा सकते हैं। इस दौरान प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, प्रदेश में हवाओं का रुख बदला हुआ है। इससे मानसून के प्रदेश में तय समय पर आने की संभावना बनी है।
कई जिलों में बारिश
प्री मानसूनी गतिविधियों के बीच बीते 24 घंटों में इंदौर में 13 मिमी तो सीधी में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई, वहीं धार में आधा मिमी वर्षा दर्ज हुई। हवाओं के बदले रुख के बीच प्री मानसून की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।