ममता के धरने पर विपक्ष एकजुट, सिंघवी बोले- थैंक्स मोदी जी, अच्छा मौका दे दिया
लोकसभा चुनाव के शोरगुल के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोदी विरोधी लड़ाई को अलग रूप दे दिया है. सीबीआई के दुरुपयोग को मुद्दा बनाते हुए ममता बनर्जी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गई हैं. रविवार रात कोलकाता से शुरू हुए इस संग्राम में तमाम गैर बीजेपी दल भी ममता के समर्थन में आ गए हैं. यहां तक कि कांग्रेस इस घटनाक्रम को विपक्षी एकजुटता का एक और बड़ा मौका मान रही है.
शारदा चिट फंड घोटाला केस की जांच से जुड़े रहे अधिकारी और कोलकाता के मौजूदा पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के घर सीबीआई की रेड से ममता इतनी नाखुश हो गईं कि राज्य की पुलिस ने सीबीआई के अधिकारियों को हिरासत में ले लिया. इसके तुरंत बाद ममता बनर्जी मोदी सरकार पर गरजते हुए धरने पर बैठ गईं. उनका धरना शुरू होते ही पूरे देश की सियासत गर्मा गई.
आम आदमी पार्टी से लेकर राष्ट्रीय जनता दल और समाजवादी पार्टी समेत दूसरे बीजेपी विरोधी दल ममता बनर्जी के समर्थन में उतर गए. आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने ममता दीदी से बात की है और मोदी-शाह की जोड़ी का यह काम बिल्कुल लोकतंत्र के खिलाफ है. केजरीवाल ने ये भी याद दिलाया कि कुछ साल पहले सीबीआई ने दिल्ली में एसीबी दफ्तर पर कब्जा कर लिया था.