....जब पीएम मोदी बोले- अब समझ आया दीदी हिंसा पर क्यों उतर आई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिशन पश्चिम बंगाल के तहत ठाकुर नगर में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बजट में दी गई किसानों को राहत का बखान किया, साथ ही राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हिंसा फैलाने का भी आरोप लगाया. पीएम मोदी ने यहां बताया कि ममता बनर्जी सरकार हिंसा पर क्यों उतर आई है.
बजट में किसानों को दी गई बड़ी राहत की जानकारी देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी जनसभा में आई भीड़ पर बोलने लगे, जहां कुछ युवक आगे आने की कोशिश में वहां लगे डंडों पर चढ़ते दिखाई दे रहे थे. इस दौरान पीएम मोदी ने अपना भाषण रोककर ऐसे लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. पीएम मोदी ने कहा, 'मेरी आपसे विनती है कि मैदान में अब जगह नहीं है, आप ऐसा मत कीजिए. आपका प्यार और उमंग मेरे सिर आंखों पर है. आज ये जगह छोटी पड़ गई, इसके कारण आपको असुविधा हो रही है.'
ये अपील करने के साथ जनसभा में आए जनसैलाब का तर्क देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी वार कर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि अब उन्हें समझ आया है, ममता दीदी हिंसा पर क्यों उतर आई हैं. उन्होंने कहा, 'ये आपका प्यार है, जिसके डर के कारण लोकतंत्र बचाने का नाटक करने वाले लोग निर्दोष लोगों की हत्या करने पर तुले हुए हैं.'
दरअसल, बीजेपी पश्चिम बंगाल में अपने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट व हत्या के आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा रही है. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह समेत पूरी पार्टी टीएमसी पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए इसे चुनावी मुद्दा बना रही है. इसी कड़ी में आज पीएम मोदी ने भी ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए यह मसला उठाया और इसका कारण बीजेपी को मिल रहे जनता के समर्थन को बताया.
बता दें कि पीएम मोदी की रैली से पहले भी सत्ताधारी टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की घटना देखने को मिली. दुर्गापुर में मोदी के पोस्टरों पर ममता बनर्जी के पोस्टर लगाने को लेकर दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प देखने को मिली. इसके अलावा अलग-अलग रास्तों पर लगे पीएम मोदी के पोस्टरों पर कालिख भी फेंकी गई.