MP में 30 जून व 31 दिसंबर को रिटायर हुए कर्मियों को एक इंक्रीमेंट के आसार बढ़े, सीएस ने बुलाई बैठक

भोपाल. 30 जून एवं 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले कर्मचारियों को एक इंक्रीमेंट मिलने के आसार हैं। इस मामले में मंगलवार को मुख्य सचिव वीरा राणा ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर कई पहलुओं पर चर्चा की। अब राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार से भी राय ली जाएगी। प्रदेश के कर्मचारी संगठन कई वर्षों से इसकी मांग कर रहे हैं। 30 जून एवं 31 दिसंबर को रिटायर हुए कई कर्मचारियों को एक इंक्रीमेंट नहीं मिलने पर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। 15 दिन पहले कई विभागों के 100 से ज्यादा कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाया गया। मंत्रालय के कर्मचारी नेता सुभाष वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों की इस प्रमुख मांग पर संज्ञान लिया जाना शुभ संकेत हैं।
वित्त विभाग के प्रमुख सचिव से भी मिले
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, राजपत्रित अधिकारी संघ समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी एक दिन पहले ही इस मामले में वित्त विभाग के प्रमुख सचिव से मिले।
जीएडी का 7 साल पहले जारी सर्कुलर भी पीएस को बताया
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक गणेश दत्त जोशी ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 16 अप्रैल 2017 को एक सर्कुलर जारी किया गया था। यह भी प्रमुख सचिव को बताया है। इसमें प्रकरणों के निपटारे की समय सीमा 4 सप्ताह निश्चित किए जाने का उल्लेख है।