बिना KYC वाले फास्टैग 31 जनवरी के बाद बंद होंगे

नई दिल्ली. अगर आपने अपनी कार के फास्टैग को बैंक से KYC अपडेट नहीं कराया है तो 31 जनवरी तक करा लें। क्योंकि, बिना KYC वाले फास्टैग को बैंक डीएक्टिव या ब्लैकलिस्ट कर देंगे। इसके बाद फास्टैग में बैलेंस होने के बावजूद पेमेंट नहीं होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने आज (15 जनवरी) एक नोटिफिकेशन जारी किया है। NHAI ने फास्टैग कस्टमर्स से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार फास्टैग के लिए KYC प्रक्रिया को पूरा करने को कहा है, ताकि बिना किसी परेशानी के फास्टैग की सुविधा मिलती रहे।

एक गाड़ी में सिर्फ एक फास्टैग काम करेगा
कस्टमर्स अब एक गाड़ी में सिर्फ एक फास्टैग यूज कर सकेंगे। NHAI ने अपने बयान में कहा कि फास्टैग यूजर्स को ‘एक वाहन, एक फास्टैग’ नीति का पालन करना होगा और पहले जारी किए गए सभी फास्टैग को अपने संबंधित बैंकों को वापस करना होगा। अब सिर्फ नए फास्टैग अकाउंट एक्टिव रहेंगे।