दोस्त के झगड़े में नाबालिग की हत्या-6 बदमाशों ने घेरकर गोली मारी और तड़फता छोडकर भाग गये दोस्त

ग्वालियर.17 वर्षीय के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। नाबालिग अपने दोस्त के झगड़ा में उसका साथ देने गया था। यहां 6 बदमाशों ने उसे घेर लिया और फायर कर दिया। गोली नाबालिग के जबड़े में लगी और सिर को चीरते हुए निकल गयी और साथी उसे वहीं तड़पता हुआ छोड़कर चले गये। घटना शुक्रवार की शाम मुरार इलाके के 6 नम्बर चौराहा की है। 17 साल का इमरान खान रैपिडो राइडर था। वह कस्टमर को ड्रॉप कर घर लौट रहा था। रास्ते में उसे पड़ोस में रहने वाला प्रिंस उसे अपने साथ अनूप राजावट की बर्थडे पार्टी में मेला ग्राउंड ले गया। इसी पार्टी में गोलू भी आया था। गोलू को अरविंद का कॉल आया, उसने कहा-हिम्मत है तो 6 नम्बर चौराहा पर आकर मिल। गोलू के साथ प्रिंस, अनूप, इमरान और अरबिंद के पास पहुंचे।

अरबिंद के साथ पहले से 5 लड़के खड़े थे। अरबिंद ने साथियों के साथ हमला कर दिया। गोलू, प्रिंस और अनूप भागने लगे। अरबिंद और उसके साथियों ने इमरान को घेर लिया। उन्होंने उस पर फायर कर दिया। इमरान की मौके पर ही मौत हो गयी। वहां मौजूद लोगों ने उसे बिड़ला हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां से उसे न्यू जेएएच अस्पताल भेज दिया गया। डॉक्टरों ने चेक कर इमरान को मृत घोषित कर दिया। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम किया जायेगा।
घटनास्थल पर पड़े बैग की हुई मृतक की शिनाख्त
ठमरान बर्थडे पार्टी में जाना नहीं चाहता था। प्रिंस ने फोर्स किया तो वह चला गया और दोस्त के विवाद में उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां बाइक के पास एक बैग मिला। बैग को चेक करने पर डॉक्यूमेंट में कॉन्टैक्ट नम्बर था। नम्बर चेक किया तो वह ठाठीपुर के शिवाजी नगर में रहने वाले प्रिस खरे 20 का निकाला। पुलिस ने समझा कि प्रिंस की हत्या हुई है तो नम्बर पर कॉल किया तो प्रिंस के पिता ने रिसीव किया। उन्होंने बताया कि बेटा तो सही सलामत है। पुलिस प्रिंस के घर पहुंची। उसे थाने लेकर आयी तो पूछताछ में उसने पूरा घटनाक्रम बता दिया।
सीसीटीवी में झगड़ते दिखे 10-12 लड़के
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास CCTV खंगाले। फुटेज में हत्या के स्पॉट पर करीब 10 से 12 लड़के विवाद करते नजर आए। रात का समय होने पर फुटेज इतने साफ नहीं है। एक वीडियो में दिख रहा है प्रिंस और इमरान साथ में हैं। बैग इमरान ने टांग रखा है, इसलिए पुलिस प्रिंस को ही मृतक समझ रही थी।
रैपिडो चलाकर पढ़ाई का खर्च उठाता था इमरान
मुरार पुलिस ने बताया, इमरान अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसके घर की माली हालत ठीक नहीं है। वह रैपिडो बाइक चलाकर अपनी पढ़ाई का खर्च उठाता था। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। दोस्त के विवाद में बेकसूर ही मारा गया। घर से निकलने से पहले इमरान ने एक मिरर सेल्फी ली थी।