CM मोहन यादव कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला, खुले में मांस-अंडे की दुकानों पर होगी सख्ती

भोपाल. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट की पहली बैठक की। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। हर जिले में प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाएंगे। मांस और अंडे की अवैध दुकानों पर सख्ती की जाएगी। वहीं लाउड स्पीकर, डीजे के इस्तेमाल को लेकर भी अहम आदेश जारी किया गया है। उन्होंने सरकारी मशीनरी को निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों पर निर्धारित सीमा से तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर और किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके लिए उडनदस्ते बनाकर अभयान चलाया जाए।

अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक के बाद उन्होंने इससे संबंधित फाइल पर सबसे पहले हस्ताक्षर किए और शासन में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डा.राजेश राजौरा ने आदेश जारी कर दिया। उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सीधे मंत्रालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यालय में विधिवत पूजा करने के बाद पदभार ग्रहण किया। इसके बाद कैबिनेट बैठक बुलाई। इसमें उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के अतिरिक्त मुख्य सचिव वीरा राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।