शहर में कंटेनर ने फैलाई दहशत, जिला पंचायत कर्मचारी की कार में मारी टक्कर, आधा दर्जन गाड़ियों को ठोका
ग्वालियर. दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए इंदरगढ जा रहे जिला पंचायत कर्मचारी और उसका साथी कंटेनर की चपेट में आने से बच गया हालांकि हादसे में उसकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना बिलौआ तिराहे पर बीती रात करीब 8 बजे की है। उनकी कार में टक्कर मारने के बाद आरोपी वाहन चालक ने दो कार, एक ट्रैक्टर, एक बाइक व अन्य दोपहिया वाहनों में टक्कर मार दी। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित अमलताश कॉलोनी में रहने वाला श्याम सुन्दर शर्मा पुत्र भैया लाल शर्मा जिला पंचायत कर्मचारी है। अभी विकासखण्ड समन्वयक के रूप में काम करते है। बीते रोज उनके दोस्त ऋषभ श्रीवास्तव की शादी इंदरगढ में हो रही थी तो वह साथी विष्णु शर्मा के साथ शादी में शामिल होने के लिए अपनी कार से जा रहा था। अभी वह बिलौआ तिराहे पर पहुंच तो चाय पीने के लिए संजय किरार के होटल पर जाने लगे। अभी वह कार से मात्र पांच फीट दूर पहुंचे थे कि तभी तेज रफ्तार आ रहे कंटेनर क्रमांक एमएल 01 एएफ-0494 का चालक तेज रफ्तार में आया और उसकी कार में टक्कर मार दी।
एक के बाद एक मारता गया टक्कर
जिला पंचायत कर्मचारी की कार में टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार कंटेनर रूका नहीं और दो अन्य कारों में टक्कर मारने के बाद एक ई-रिक्शा, बाइक और ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक अपना वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे लोगों ने दबोच लिया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक व वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया।
टल गई घटना, हो सकता था बड़ा हादसा
पीड़ित ने बताया कि चाय पीने के लिए उन्होंने ऑर्डर कर दिया था और वह कार में चाय का इंतजार कर रहे थे कि तभी उन्होंने प्लान किया कि होटल पर चलकर चाय पीते हैं। उनके कार से उतरते ही आरोपी चालक ने टक्कर मार दी। अगर वह कार से नहीं उतरते तो हादसे का शिकार हो जाते, क्योंकि पीछे से कंटेनर ने टक्कर मारी थी और आगे तख्त की चपेट में आने से कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई।