ग्वालियर में 2 दिन बूंदाबांदी के आसार, फिर गिरेगा पारा

ग्वालियर. जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहर के मौसम में बदलाव की शुरूआत हो जाएगी। रविवार से आसमान में बादल छाने के साथ ही दो दिन गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावनाएं हैं। इसके चलते दिन के तापमान में जहां गिरावट होगी, तो वहीं रात के तापमान में गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लग जाएगा। इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 27 नवंबर तक रहेगा। 28 नवंबर से फिर से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। लोगों को रात और सुबह के समय ठंड का अहसास होगा। तापमान में गिरावट का सिलसिला सिर्फ तीन दिन ही चल सकेगा, क्योंकि 30 नवंबर से जम्मू-कश्मीर में फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते एक दिसंबर से फिर से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। उत्तरी हवा का बहाव थमने से यह स्थिति बनेगी। इसके चलते लोगों को रात में बढ़ रही ठंडक से थोड़ी राहत मिल सकेगी।